रुद्रप्रयाग , अगस्त 02 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद अंतर्गत रविवार सुबह जंगल में घास लेने गई एक महिला फिसलकर बरसाती नाले में जा गिरी। जहां बारिश के पानी के तेज बहाव में बह जाने से उसकी मौत हो गई ।
जनपद परिचालन केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को 11ः32 बजे ग्राम प्रधान सेमकोटी ने सूचना दी कि ग्राम स्वारा नामी तोक में तिमली से आगे एक महिला जो घास लेने के लिए गई थीं, पैर फिसलने के कारण वह बरसाती नाले में बह गई। उक्त सूचना पर आवश्यक खोज एवं बचाव कार्यवाही को जल पुलिस, एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ टीम बसुकेदार को घटनास्थल के लिए रवाना किया। उक्त महिला के शव को, रेस्क्यू टीमों ने ग्रामीणो के सहयोग से बरसाती नाले से निकाल कर अग्रिम कार्यवाही को पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। उक्त मृतक महिला की पहचान विनीता देवी पत्नी हिम्मत सिंह नेगी, आयु लगभग 38 वर्ष, निवासी ग्राम कोटी के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित