देहरादून , जुलाई 07 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में मंगलवार को एक गौशाला में लगी आग से दो मवेशी झुलसे गए जबकि उत्तरकाशी जिले में पहाड़ से बड़े बोल्डर गिरने के कारण यमुनोत्री धाम मार्ग पर यातायात अवरुद्व हो गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले के कर्णधार मालकोटी गांव में आज तड़के 03:20 बजे एक गौशाला में आग लगने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। प्रशासन की तत्परता के चलते संबंधित विभागों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि कु० आशा, निवासी कर्णधार मालकोटी द्वारा दूरभाष पर सूचना दी गई कि उनकी गौशाला में आग लग गई है, जिसमें बंधे दो मवेशी आग की चपेट में आ गए हैं। सूचना प्राप्त होते ही जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र ने पुलिस, अग्निशमन सेवा, राजस्व उप निरीक्षक एवं पशु पालन विभाग को तत्काल सूचित किया। सभी विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने के साथ ही पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है और पीड़ित परिवार को नियमानुसार राहत प्रदान की जाएगी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आपदा की घड़ी में प्रभावितों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित