रुद्रपुर , मार्च 16 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस को सोमवार को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब पुलिस ने मुठभेड़ में कुख्यात असलाह सप्लायर बंटी कोली को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में कुख्यात तस्कर घायल हो गया। उसे रुद्रपुर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के अनुसार रुद्रपुर की विशेष अभियान समूह (एसओजी) टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि रुद्रपुर जिले का कुख्यात हथियार सप्लायर बंटी कोली हथियारों की तस्करी में सक्रिय हैं और आरोपी ने ही कुछ दिन पहले रुद्रपुर से गिरफ्तार कुछ बदमाशों को अवैध हथियार सप्लाई किए थे।
यह भी पता चला कि आरोपी दुबारा हथियार उपलब्थ कराने के लिए मोदी मैदान के पास आने वाला है। पुलिस और एसओजी टीम ने जाल बिछा लिया। पुलिस की भनक लगते ही आरोपी और उसके साथी मनोज ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की ओर से चार राउंड फायर किए गए।
पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की और इसमें बंटी कोली घायल हो गया। उसके बाएं पैर में गोली लग गई और दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।
जिनमें एक कंट्री मेड पिस्टल के साथ ही नौ अवैध तमंचे तथा 26 कारतूस शामिल हैं। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ ट्रांजिट कैम्प कोतवाली में शस्त्र अधिनियम के साथ ही पुलिस कर्मियों पर फायरिंग के मामले में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
श्री गणपति के अनुसार बंटी कोली कुख्यात अपराधी है और उसका लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ हत्या का प्रयास, मारपीट और शस्त्र अधिनियम सहित छह से अधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2024 में उसे तीन महीने के लिए जिला बदर भी किया गया था लेकिन उसने आदेश का उल्लंघन किया था।
मुख्य आरोपी लंबे समय से अवैध हथियारों की सप्लाई के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को भी उसकी तलाश थी।
श्री गणपति के अनुसार कि अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी कहां कहां हथियारों की सप्लाई करता रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित