रुद्रपुर , मार्च 15 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक और एक गोदाम से एनसीईआरटी की कथित नकली किताबों की भारी खेप बरामद की है। मामले में जांच जारी है और संबंधित अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को 14 मार्च की रात को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में एनसीईआरटी की संदिग्ध किताबें भर कर किरतपुर रोड स्थित आनंदम गार्डन के पास से गुजर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कैंटर संख्या यूपी 37 बीटी-0562 को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रक में एनसीईआरटी की बड़ी संख्या में किताबें लोड मिलीं। चालक से पूछताछ करने पर उसने बताया कि किताबें किरतपुर स्थित एक गोदाम से लोड कर मेरठ ले जाई जा रही हैं। पुलिस द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच करने पर इनवॉइस में भिन्नता पाई गई, जिससे किताबों के नकली होने का संदेह गहरा गया।
मामले की जानकारी मुख्य शिक्षा अधिकारी ऊधमसिंहनगर और खंड शिक्षा अधिकारी रुद्रपुर को दी गई। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किताबों के लोगो, बनावट और वाटरमार्क की जांच की, जिसमें प्रथम दृष्टया किताबें नकली प्रतीत हुईं।
चालक की निशानदेही पर पुलिस टीम किरतपुर स्थित गोदाम पहुंची, जहां गोदाम बंद मिला। गोदाम स्वामी के बारे में जानकारी न मिलने पर गोदाम में ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया। आज सुबह रुद्रपुर के तहसीलदार, मुख्य शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी की मौजूदगी में गोदाम का ताला खुलवाया गया, जहां अंदर भी एनसीईआरटी की बड़ी मात्रा में किताबें मिलीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित