रुद्रपुर , अप्रैल 01 -- त्तराखंड में ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। मौके से सात सिलेंडर भी बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्व विभाग, पूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम की ओर से आज रेशमबाड़ी क्षेत्र में अवैध गैस रिफलिंग के खिलाफ छापा मारा गया।

इस दौरान एक युवक तौफीक को मौके पर ही गैस सिलेंडर में अवैध रूप से रिफिलिंग करते हुए पकड़ा। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से 7 गैस सिलेंडर, रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले नोजल, पाइप और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।

प्रशासन के अनुसार इससे बड़े हादसे की आशंका रहती है। संबंधित युवक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित