रुद्रपुर , मार्च 31 -- उत्तराखंड के रुद्रपुर में मंगलवार सुबह एक छोटे कुकिंग गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) रेफर कर दिया गया है। एक ही सप्ताह में इस तरह की यह दूसरी घटना है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैंप के कृष्णा कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय गोमती देवी आज सुबह घर में नाश्ता तैयार कर रही थी। इसी दौरान अचानक सिलेंडर फट गया और वह घायल हो गईं। हादसे में उनका 10 वर्षीय बेटा नीरज और एक 26 वर्षीय युवक भी झुलस गया।
घटना के तुरंत बाद तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसटीएच रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी इसी क्षेत्र में गैस सिलेंडर फटने की घटना सामने आई थी, जिसमें औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करने वाले चार लोग घायल हो गए थे। उस हादसे में विस्फोट इतना तेज था कि कमरे की दीवार तक ढह गई थी। लगातार हो रही घटनाओं ने गैस सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित