रुद्रपुर , मार्च 27 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर क्षेत्र में गुरुवार रात एक घर में घरेलू गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। विस्फोट में चार लोग झुलस गए, जबकि मकान को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शिवनगर के चामुंडा मंदिर क्षेत्र में जय हिंद पब्लिक स्कूल के पास एक गली में हुई। विस्फोट के बाद घर से धुआं उठता देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जहां कमरे की एक दीवार गिरी हुई मिली और अंदर मौजूद चार लोग झुलसे हुए पाए गए।
सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैम्प थाना प्रभारी मोहन पांडे और एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल भिजवाया।
घायलों की पहचान कुमार सेन व उनके पुत्र अंकित कुमार (निवासी रामपुर), सत्यवीर (निवासी शाहबाद, रामपुर) तथा सुमित कुमार (निवासी अमारी, शाहबाद, हरदोई) के रूप में हुई है। बताया गया है कि ये चारों एक मकान में किरायेदार के रूप में रह रहे थे।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से एक छोटा और एक घरेलू गैस सिलेंडर बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव या सिलेंडर रिफिलिंग के दौरान हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और कारणों का पता लगाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित