हरिद्वार/रुड़की , फरवरी 16 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद के रुड़की से सोमवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता देहरादून स्थित राजभवन देहरादून के घेराव के लिए रवाना हुए।
कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता ईदगाह चौक पर एकत्रित हुए जहां से वाहनों के काफिले के साथ देहरादून के लिए कूच किया गया।
श्री गुप्ता ने रवाना होने से पहले आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराधों में बढ़ोतरी, किसानों की परेशानियां और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवाल सरकार की विफलता को उजागर करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है और आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका असर साफ दिखाई देगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करें।
कांग्रेस नेताओं का दावा है कि देहरादून में राजभवन का घेराव ऐतिहासिक होगा और जनता की समस्याओं को लेकर बड़ा संदेश जाएगा। वहीं, काफिले के रवाना होने के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नारेबाजी और जोश के माहौल के बीच वाहन रैली देहरादून की ओर रवाना हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित