रुड़की , सितंबर, 14 -- । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर रेलवे स्टेशन रुड़की के समीप सोमवार को अग्निशमन टीम ने आपातकालीन मॉक ड्रिल आयोजित की। अग्निशमन अधिकारी रुड़की बंशनारायण यादव के नेतृत्व में हुए अभ्यास में संभावित दुर्घटना अथवा आपदा की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों को परखा गया। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता का भी निरीक्षण किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों और निर्माण कार्य में लगे कर्मियों को दुर्घटना की स्थिति में प्रथम रिस्पांडर की भूमिका के महत्व की जानकारी दी गई। बताया गया कि किसी आकस्मिक घटना के समय मौके पर मौजूद व्यक्ति ही सबसे पहले राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सकता है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग, प्राथमिक बचाव उपायों और आपातकालीन परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी होना आवश्यक है।

इस दौरान मौजूद लोगों को आपातकालीन सहायता के लिए 112 नंबर की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी असामान्य अथवा आपातकालीन स्थिति में बिना देरी किए पुलिस को सूचना दी जानी चाहिए ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

नवनिर्माणाधीन रेलवे स्टेशन में कार्यरत कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों को हमेशा उच्च गुणवत्ता की कार्यशील अवस्था में रखने तथा नियमित अंतराल पर मॉक ड्रिल और सुरक्षा अभ्यास आयोजित करने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन अधिकारी बंशनारायण यादव ने कहा कि किसी भी आकस्मिक दुर्घटना या आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्व तैयारी बेहद जरूरी है। समय पर की गई कार्रवाई से जनहानि और संपत्ति के नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता है।

मॉक ड्रिल में रेलवे स्टेशन पर कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों के साथ थाना गंगनहर का पुलिस बल भी मौजूद रहा। अभ्यास के सफल आयोजन पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने फायर सर्विस टीम का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार के सुरक्षा अभ्यास लोगों में आपदा से निपटने की क्षमता और सुरक्षा के प्रति विश्वास को मजबूत करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित