रुड़की , फरवरी 21 -- उत्तराखंड में रुड़की के पास मंगलौर मोड़ स्थित राणा स्टील फैक्ट्री के पास नहर पटरी किनारे पर शनिवार को एक कार से दो युवकों के शव बरामद किए गए।

जानकारी के अनुसार क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली कार का आधा हिस्सा नहर में डूबा हुआ था, जबकि शेष भाग झाड़ियों में फंसा हुआ था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 7:45 बजे चेतक मोबाइल के कांस्टेबल दिनेश चौहान को स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि नहर किनारे एक कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी है और उसमें दो व्यक्ति मृत हैं। इसके बाद सुबह 8:03 बजे डायल 112 पर भी हादसे की सूचना प्राप्त हुई।

सूचना पर पहुंचे पुलिस बल ने दोनों मृतकों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। कुछ ही देर बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और मृतकों की पहचान की। मृतक की पहचान गणेशपुर निवासी सचिन धीमान (38) और राजेंद्र नगर निवासी अमन त्यागी (35) के रूप में की गई।

पुलिस ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को देते हुए पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित