हरिद्वार , जून 03 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में खानपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में बुधवार को बड़ी सौगात मिली। लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए रुड़की से दल्लावाला तक नई बस सेवा का शुभारंभ किया गया। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और खानपुर विधायक उमेश कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।
नई बस सेवा के शुरू होने से रुड़की, ढंढेरा, लंढोरा सहित रुड़की-लक्सर मार्ग से जुड़े दर्जनों गांवों के लोगों को सीधी और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी। इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों तथा ग्रामीण यात्रियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
बस सेवा के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बस रवाना होने के बाद परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा और विधायक उमेश कुमार स्वयं बस में सवार हुए तथा मिलिट्री चौराहे तक यात्रा कर यात्रियों से संवाद भी किया। इस दौरान दोनों नेताओं के समर्थक भी बस में मौजूद रहे।
परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार नए रूटों पर बस सेवाएं शुरू कर रही है, जिससे आमजन को राहत मिल सके।
विधायक उमेश कुमार ने कहा कि रुड़की-दल्लावाला बस सेवा क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस सेवा से हजारों लोगों को प्रतिदिन लाभ मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ होगी।
नई बस सेवा शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे जनहित में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय बताया। लोगों का कहना है कि इससे दैनिक आवागमन आसान होगा और ग्रामीण क्षेत्रों को शहरों से बेहतर संपर्क मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित