हरिद्वार , जुलाई 11 -- त्तराखंड के हरिद्वार शहर के मालवीय चौक स्थित निर्वाण आश्रम को शनिवार को दूसरी अंतिम यात्रा बस की सौगात मिली। राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी की सांसद निधि से करीब 30 लाख रुपये की लागत से उपलब्ध कराई गई इस बस का लोकार्पण राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और मेयर अनीता अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया।

नई अंतिम यात्रा बस के शुरू होने से अब रुड़की और आसपास के क्षेत्रों से हरिद्वार अंतिम संस्कार के लिए जाने वाले जरूरतमंद परिवारों को समय पर वाहन उपलब्ध हो सकेगा। अब तक निर्वाण आश्रम में केवल एक ही अंतिम यात्रा बस थी। ऐसे में बस के पहले से उपयोग में होने पर अन्य परिवारों को लंबा इंतजार करना पड़ता था। दूसरी बस मिलने से यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी और अंतिम संस्कार की व्यवस्था अधिक सुचारु हो सकेगी।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने कहा कि दुःख की घड़ी में किसी भी परिवार को असुविधा का सामना न करना पड़े, इसी उद्देश्य से सांसद निधि से यह बस उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि जनसेवा केवल सड़क, भवन और अन्य विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की आवश्यक जरूरतों को पूरा करना भी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। इस पहल से क्षेत्र के हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित