अलवर , जून 19 -- राजस्थान में 21 जून को होने वाली मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी री-परीक्षा में अलवर जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर करीब 10 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पिछली परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों के बाद इस बार प्रशासन और परीक्षा प्रबंधन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे, जैमर, निगरानी और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। देशभर में 21 जून को होने वाले री-एग्जाम के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

प्रशासन ने परीक्षा से एक दिन पहले शहरभर में विशेष नाकाबंदी और सघन जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया है। सभी 27 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी और उनकी निगरानी भी की जाएगी। केंद्रों पर लगाए गए जैमर के कारण आसपास करीब 50 मीटर तक मोबाइल नेटवर्क प्रभावित रहेगा, जिससे किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक धोखाधड़ी की संभावना समाप्त हो सके।

जिले के सबसे बड़े परीक्षा केंद्र बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय में 720 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। यहां 30 कमरों में परीक्षा आयोजित होगी, जिनकी निगरानी के लिए 38 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कॉलेज प्रशासन के अनुसार प्रत्येक परीक्षार्थी की गतिविधि पर कैमरों के माध्यम से नजर रखी जाएगी।

री-नीट परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाएगा, जबकि दोपहर डेढ़ बजे मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। री-एग्जाम के लिए निर्धारित समय और नए प्रवेश पत्र जारी किए गये हैं।

दिव्यांग अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए केंद्रीय विद्यालय, मोती डूंगरी को विशेष परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां ऐसे अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित