रीवा , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश लोकायुक्त पुलिस की रीवा इकाई ने जल संसाधन विभाग के एक अमीन को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता मोनू नापित, निवासी ग्राम चुनरी, तहसील त्योंथर, जिला रीवा ने 24 जुलाई को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि उनके पिता रामसुचित नापित जल संसाधन विभाग में चौकीदार थे, जिनका 24 मार्च 2026 को सेवाकाल के दौरान निधन हो गया था। पिता की मृत्यु के बाद माता के पेंशन प्रकरण तैयार कराने के लिए विभागीय अमीन रामबरण मिश्रा ने कथित तौर पर रिश्वत की मांग की।

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता से पहले चार हजार रुपये लेने तथा शेष तीन हजार रुपये की मांग किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने जाल बिछाया।

आज बाणसागर कॉलोनी स्थित जल संसाधन विभाग कार्यालय की दूसरी मंजिल की गैलरी में लोकायुक्त टीम ने आरोपी रामबरण मिश्रा (58), अमीन, कार्यालय त्योंथर, नहर संभाग सिरमौर, जिला रीवा, को शिकायतकर्ता से तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश, उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह तथा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त योगेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार और निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया के नेतृत्व में की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित