लखनऊ , मई 4 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को सोशल मीडिया के खतरनाक ट्रेंड्स से दूर रहने की नसीहत देते हुए कहा है कि लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स के मोह में पड़कर अपनी जिंदगी को जोखिम में डालना बेहद चिंताजनक है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजकल कई युवा घरों के अंदर और सड़कों पर स्टंट करते हुए, तेज रफ्तार बाइक और कार पर करतब दिखाते हुए, रेलवे ट्रैक पर या ट्रेन के दरवाजों से लटककर वीडियो बनाते नजर आते हैं। इसके अलावा ऊंची इमारतों, पहाड़ों, नदियों, पुलों, एक्सप्रेसवे और यहां तक कि पानी की टंकियों पर खतरनाक ढंग से सेल्फी लेने की प्रवृत्ति भी बढ़ रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे जोखिम भरे कदम न केवल युवाओं के जीवन के लिए घातक हैं, बल्कि उनके परिवारों के सपनों को भी एक पल में चकनाचूर कर सकते हैं। आए दिन होने वाली दुर्घटनाएं इस खतरे की गंभीरता को साबित करती हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील करते हुए कहा, "लाइक और व्यूज के लिए जीवन दांव पर न लगाएं। 'रील' और 'रियल' के बीच का अंतर समझें।" वहीं अभिभावकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग ज्ञान और सकारात्मक अभिव्यक्ति के लिए किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित