रायपुर , जून 11 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी में तुलसी के पौधे के पास रील बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में दो महिलाओं को सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना के विरोध में बुधवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ता सुअर लेकर बस्ती पहुंच गए, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, ब्लॉक नंबर-18 निवासी परमिला सेन ने मुजगहन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके घर की बालकनी में धार्मिक पूजन के लिए तुलसी का पौधा रखा हुआ है। रविवार रात लगभग 8:30 बजे पड़ोस में रहने वाली फिरदोस बेगम के बच्चे तुलसी के गमले के समीप मोबाइल से रील बना रहे थे।

शिकायत के अनुसार रील बनाने के दौरान बच्चे तुलसी के गमले को पकड़कर हिला रहे थे। इस पर परमिला सेन ने आपत्ति जताते हुए बच्चों को ऐसा नहीं करने और तुलसी के पौधे का सम्मान करने की समझाइश दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की शुरुआत हुई।

आरोप है कि कुछ देर बाद फिरदोस बेगम और उनकी बहन सलतनत बेगम भी मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद कहासुनी बढ़ गई और विवाद ने उग्र रूप ले लिया। शिकायत में कहा गया है कि सलतनत बेगम डंडा लेकर पहुंचीं और परमिला सेन पर हमला कर दिया। वहीं फिरदोस बेगम तथा मेहताब खान पर भी गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली पिंकी जार्ज भी विवाद शांत कराने पहुंचीं। शिकायत के मुताबिक, बीच-बचाव के दौरान सलतनत बेगम ने डंडे से पिंकी जार्ज के सिर और नाक पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गईं। मारपीट में परमिला सेन और पिंकी जार्ज दोनों को सिर में चोटें आई हैं।

मामले की जांच के बाद पुलिस ने सलतनत बेगम, फिरदोस बेगम और मेहताब खान के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, घटना के विरोध में बुधवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ता काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी पहुंचे। बताया गया कि कार्यकर्ता अपने साथ सुअर भी लेकर आए थे। इस दौरान बस्ती में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर मुजगहन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मूल विवाद रविवार को रील बनाने के दौरान उत्पन्न हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। प्रकरण में अपराध दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित