बेतिया , अक्टूबर 07 -- बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र में रील बनाने को लेकर दो भाइयों के बीच हुए विवाद के दौरान पानी में गिरने से एक युवक की मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हरपुर गढ़वा पंचायत के वार्ड संख्या-18 निवासी हीरामन राम पिछले करीब चार महीने से रील बनाने में सक्रिय थे। जानकारी के अनुसार उनके भाई विश्वनाथ राम इसका विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर बुधवार की अहले सुबह दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट होने लगी।

इस झगड़े के दौरान हीरामन राम खुद को बचाने के लिए भागे और पानी में जा गिरे। पानी में डूबने से उनकी मौत हो गयी।

घटना की सूचना मिलने पर मझौलिया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए विधि-विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्यों की जांच की।

मृतक के परिजनों ने उसके भाई विश्वनाथ राम पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित