ग्वालियर , सितंबर 13 -- मोबाइल पर रील्स देखने से रोके जाने से नाराज आठ वर्षीय बच्चा चंडीगढ़ स्थित अपने घर से बिना बताए ट्रेन में बैठकर ग्वालियर पहुंच गया। चंडीगढ़-इंदौर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में बच्चे को अकेले सफर करते देखकर टीटीई ने आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ ने बच्चे को ग्वालियर स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द किया, जहां से आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार ट्रेन क्रमांक 19308 चंडीगढ़-इंदौर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में चेकिंग के दौरान टीटीई ने बच्चे को अकेले सफर करते देखा और तत्काल आरपीएफ कंट्रोल रूम को सूचना दी। रविवार तड़के करीब 3.05 बजे आरपीएफ टीम ग्वालियर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंची और बच्चे को ट्रेन से उतारकर आरपीएफ पोस्ट ले गई।

पूछताछ में बच्चे ने बताया कि रील्स देखने पर घरवालों ने उसे डांटा था, जिससे नाराज होकर वह बिना बताए ट्रेन में बैठ गया। आरपीएफ अधिकारियों ने बच्चे द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर उसकी मां से संपर्क किया। मां ने बताया कि बच्चा 11 सितंबर की दोपहर से गायब था। परिजनों ने चंडीगढ़ में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और उसकी तलाश कर रहे थे।

पहचान की पुष्टि और आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बच्चे को सुरक्षित चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया गया। रविवार को परिजन ग्वालियर पहुंचे और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे को अपने साथ घर ले गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित