जयपुर , अप्रैल 10 -- राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर ने श्री अग्रसेन स्नातकोत्तर शिक्षा महाविद्यालय, केशव विद्यापीठ, जामडोली (जयपुर) की प्राचार्य डाॅ रीटा शर्मा को विश्वविद्यालय में शिक्षा संकाय के डीन पद की जिम्मेदारी सौंपी है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार लगभग तीन दशकों के अपने शैक्षणिक जीवन में डॉ. रीटा शर्मा ने शिक्षण, शोध और अकादमिक नेतृत्व के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है। वर्ष 1997 से सतत सक्रिय रहते हुए उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अनेक नवाचारों को दिशा दी है। वह राजस्थान विश्वविद्यालय में राज्य सरकार द्वारा मनोनीत सिंडिकेट सदस्य हैं तथा पूर्व में सीनेट सदस्य के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। साथ ही वह विश्वविद्यालय की अनुमोदित शोध-निर्देशिका के रूप में शोधार्थियों का मार्गदर्शन कर रही हैं।

डॉ. शर्मा की शैक्षणिक सक्रियता का दायरा व्यापक रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठियों एवं वेबिनार में संयोजक, अध्यक्ष एवं विशेषज्ञ वक्ता के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वह कई पुस्तकों की लेखिका एवं संपादक भी हैं। वर्तमान में वे विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान की जयपुर प्रांत इकाई में सह मंत्री के रूप में भी दायित्व निभा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित