सोनभद्र , सितंबर 3 -- सोनभद्र जिले में पिपरी स्थित रिहंद बांध में लगातार बढ़ते पानी के जलस्तर और लगातार हो रही बारिश से पानी की आवक को देखते हुए गुरुवार की सुबह तक कुल सात फाटक खोल दिया गया है। सभी फाटकों को 16-16 फीट खोला गया है।

सिंचाई विभाग के अनुसार गुरुवार की सुबह तक पानी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए रिंहद डैम के फाटक संख्या 4, 5, 6, 7, 8, 9 व 10 समेत कुल सात फाटकों से पानी की निकासी की जा रही है। प्रत्येक फाटक से करीब 11 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह सात फाटकों से करीब 77 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकंड की निकासी हो रही है। इसके अलावा बांध की सभी छह टरबाइनों के माध्यम से करीब 17,960 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस प्रकार फाटकों और टरबाइनों के जरिए बांध से कुल करीब 94,960 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड बाहर निकाला जा रहा है।

बताया गया लगातार हो रही बारिश की वजह से मंगलवार की रात पानी की आवक को देखते हुए दो और फाटक खोले गए थे। इसके बाद बुधवार को भी जलस्तर में अपेक्षित कमी नहीं आई। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे छठवां फाटक खोला गया था। इसके बाद भी जलस्तर और पानी की आवक को देखते हुए सातवां फाटक भी खोल दिया गया।

गुरुवार सुबह बांध का जलस्तर करीब 871.5 फीट दर्ज किया गया। अधिकारियों के अनुसार बांध में पानी की आवक लगातार बनी हुई है और जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। सात फाटक खुलने से रिहंद नदी के बहाव क्षेत्र में पानी का प्रवाह बढ़ गया है, जिसके मद्देनजर संबंधित क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित