पटना , फरवरी 28 -- जमुई के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहारा में आयोजित एक शादी के रिसेप्शन समारोह में हर्ष फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है।

घटना के बाद समारोह में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फायरिंग के दौरान नेपाल से आई एक डांसर के चेहरे पर कारतूस से निकले बारूद के छिटे पड़ गए, जिससे वह घायल हो गई।

घायल डांसर पूनम ने बताया कि वह नेपाल से जमुई एक शादी समारोह में डांस करने के लिए आई थीं। रिसेप्शन पार्टी के दौरान वह मंच पर डांस कर रही थीं, तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने बताया कि किसने गोली चलाई, यह मालूम नहीं है, लेकिन दो युवकों के पास बंदूक होने की बात सामने आई है। गोली चलने के बाद बारूद के छिटे उनके चेहरे पर आ गिरे।

इस घटना के तुरंत बाद डांसर को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित