सोनीपत , सितंबर 23 -- हरियाणा के राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोनीपत में शिक्षा विभाग के दो अधिकारियों को दो लाख 93 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अनुसार शिकायतकर्ता ने बताया था कि भयापुर और बड़ौली स्कूलों में उसके द्वारा किए गए कार्यों के लंबित बिल पास करने के एवज में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने चार लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने कार्रवाई की।
इस दौरान शिक्षा विभाग, सोनीपत में कनिष्ठ अभियंता आशीष को शिकायतकर्ता से दो लाख 93 हजार रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। मामले में उपमंडल अधिकारी विष्णु को भी गिरफ्तार किया गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आज प्राथमिकी संख्या 31 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रोहतक में मामला दर्ज किया गया है।
एसीबी ने कहा कि सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि रिश्वत की मांग होने पर टोल-फ्री नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर सूचना दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित