ऋषिकेश, अप्रैल 01 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में सतर्कता विभाग की टीम ने शिक्षा विभाग के एक अधिकारी को बुधवार को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार एक निजी स्कूल के प्रबंधक ने सतर्कता विभाग के टोल-फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि स्कूल की मान्यता के नवीनीकरण के लिए सकारात्मक रिपोर्ट भेजने के एवज में संबंधित अधिकारी द्वारा 20,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और शिकायतकर्ता के माध्यम से तय योजना के अनुसार रकम दिलवाई। जैसे ही अधिकारी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक अन्य व्यक्ति, जो बिचौलिये की भूमिका निभा रहा था, उसे भी पकड़ लिया गया।
गिरफ्तारी के तुरंत बाद शिक्षा विभाग ने आरोपी अधिकारी के निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकारी नियमों के तहत 48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहने की स्थिति में निलंबन अनिवार्य होता है। शासन स्तर से महानिदेशक शिक्षा को मामले की विस्तृत जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
विजिलेंस टीम अब आरोपी की संपत्ति की भी जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति के पहलू को ध्यान में रखते हुए विस्तृत छानबीन की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित