पटना , मार्च 12 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भ्रष्टाचार के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए गोपालगंज जिले के बरौली के राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह को 6,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें मुजफ्फरपुर निगरानी की विशेष अदालत में प्रस्तुत किया गया था।इस घटना को गंभीरता से लेते हुए निलंबित करने का निर्णय लिया गया है। यह कार्रवाई बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के प्रावधानों के तहत की गई है।
हिरासत से मुक्त होने के बाद उनका मुख्यालय आयुक्त कार्यालय, तिरहुत प्रमंडल, मुजफ्फरपुर निर्धारित किया गया है। उन्हें वहां नियमित रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।
गोपालगंज के समाहर्ता को निर्देश दिया गया है कि वे विजय कुमार सिंह के विरुद्ध निर्धारित प्रपत्र में आरोप पत्र तैयार कर आवश्यक साक्ष्यों के साथ विभाग को अविलंब उपलब्ध कराएं, जिससे आगे की विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित