मुजफ्फरपुर 02अप्रैल (वार्ता) मुजफ्फरपुर के अहियापुर में घूस लेते रंगेहाथ पकड़े गए दारोगा सदरे आलम को पांच वर्ष बाद गुरुवार को विभागीय कार्रवाई के तहत सेवा से बर्खास्त कर दिया गया हैतिरहुत रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) चंदन कुशवाहा ने आज इस संबंध में आदेश जारी किया। बर्खास्तगी का पत्र वैशाली के पुलिस अधीक्षक को भेज दिया गया है। वर्तमान में सदरे आलम वैशाली जिला पुलिस बल में तैनात था और उसकी पोस्टिंग हाजीपुर औद्योगिक थाना में थी।

मामला 30 सितंबर 2021 का है, जब निगरानी विभाग की विशेष टीम ने जीरोमाइल चौक के समीप एक चाय दुकान पर सिपाहपुर की महिला तबस्सुम आरा से 11 हजार रुपये घूस लेते हुए सदरे आलम को रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। जानकारी के अनुसार, तबस्सुम आरा के पुत्र एक आपराधिक मामले में फंसे थे। दारोगा ने उन्हें राहत दिलाने और दोबारा गिरफ्तारी से बचाने के नाम पर महिला पर दबाव बनाकर घूस की मांग की थी।

महिला ने इस संबंध में निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी दारोगा को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद सदरे आलम को न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जहां से बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया और पुनः मुजफ्फरपुर पुलिस बल में योगदान दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित