जयपुर , अगस्त 12 -- राजस्थान में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय ने रिश्वत मामलेमें पकड़े जाने के बाद सलूम्बर में कार्यरत अधिकृत खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी की खाद्य सुरक्षा अधिकारी के रूप में प्रदत्त शक्तियां तत्काल प्रभाव से वापस ले ली।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई उनके संबंध में प्राप्त शिकायत तथा अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सलूम्बर से प्राप्त तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर की गयी है। श्री सोलंकी मूल रूप से वरिष्ठ रेडियोग्राफर के पद पर कार्यरत हैं तथा उन्हें पूर्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी की शक्तियां प्रदान की गयी थीं। अब उन्हें खाद्य सुरक्षा अधिकारी के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

श्री सोलंकी को तत्काल निदेशक (अराजपत्रित), चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, राजस्थान, जयपुर के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सलूम्बर को उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय के माध्यम से आयुक्तालय को भिजवाने के निर्देश दिये गये हैं।

उल्लेखनीय है कि सोलंकी को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने बुधवार को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित