नयी दिल्ली , सितंबर 21 -- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने पर कृषि मंत्रालय के एक विपणन अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार रिश्वत मांगने के आरोपी विपणन अधिकारी अनुराग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विपणन अधिकारी ने सीहोर जिले में निरीक्षण के दौरान दो भंडार गृह को अनुदान की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगी थी। शिकायत के अनुसार, भैरुंदा तहसील स्थित शिवाय भंडार गृह से एक लाख रुपये और रेहटी क्षेत्र के ग्राम बेहराखेड़ी स्थित श्री कृष्णा भंडार गृह से 60 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गयी थी। मामले की शिकायत श्री चौहान तक पहुंची थी।

शिकायत मिलने के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये। इसके बाद कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी अनुराग को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। कार्रवाई के बाद मंत्रालय की ओर से यह संदेश भी साफ है कि किसानों और भंडार गृह संचालकों से संबंधित सरकारी प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता या रिश्वतखोरी की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित