फतेहाबाद , अक्टूबर 13 -- हरियाणा के राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने फतेहाबाद जिले की तहसील रतिया में तैनात रजिस्ट्री लिपिक को चार हजार रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि रजिस्ट्री लिपिक बलविंदर उसकी अतिरिक्त भूमि की कन्वेयंस डीड तैयार करने के एवज में चार हजार रुपये की मांग कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का नियमानुसार सत्यापन किया और ट्रैप कार्रवाई की। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में एसीबी फतेहाबाद की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हिसार में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगामी जांच जारी है।

एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें। इसके लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और 1800-180-2022 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 94178-91064 या सतर्क-हरियाणा ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित