बारां , सितम्बर 17 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बारां के तत्कालीन संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार, आनन्दीलाल मीणा के विरुद्ध रिश्वत मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
एसीबी के सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मामले की जांच ब्यूरो की कोटा देहात इकाई के पुलिस निरीक्षक शरीफ अहमद द्वारा की जा रही है।
सूत्रों ने बताया कि परिवादी ने पांच मई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसीबी कोटा के समक्ष शिकायत की थी कि रजिस्टर एवं बिलों के सत्यापन के एवज में तत्कालीन संयुक्त निदेशक आनन्दीलाल मीणा रिश्वत मांग रहा है और नहीं देने पर लाइसेंस निरस्त करने की धमकी दे रहा है। सूत्रों ने बताया कि शिकायत की सत्यापन में पुष्टि भी हो गई।
सूत्रों ने बताया कि ब्यूरो ने उसके खिलाफ सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने के आधार पर मामला दर्ज किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित