मुरैना , जुलाई 07 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सबलगढ़ थाने में पदस्थ एक सहायक उप पुलिस निरीक्षक (एएसआई) का आरोपियों से रिश्वत मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सहायक उप पुलिस निरीक्षक रामबाबू निबोरिया मारपीट के एक मामले में आरोपियों को थाना प्रभारी का भय दिखाकर जेल भेजने से राहत दिलाने के नाम पर पैसों की मांग करते हुए वीडियो में दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो में वह आरोपियों से 10 हजार से लेकर 50 हजार रुपए तक देने की बात कहते हुए सुनाई दे रहा है।
वही वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने मामले का संज्ञान लेते हुए सहायक उप पुलिस निरीक्षक रामबाबू निबोरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने मामले की जांच सबलगढ़ के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) को सौंपी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित