चंडीगढ़ , मार्च 19 -- पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही अपनी मुहिम के दौरान फरवरी महीने में 14 अलग-अलग ट्रैप मामलों के तहत 17 सरकारी अधिकारियों और एक अन्य को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

सतर्कता ब्यूरो के प्रवक्ता ने गुरुवार को कहा कि इस दौरान सरकारी कर्मचारियों और हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार को समाप्त करने के लिए हर संभव प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि ब्यूरो ने पिछले महीने विभिन्न सक्षम अदालतों में 26 विजिलेंस मामलों से संबंधित चालान पेश किए। इसके अलावा भ्रष्टाचार के मामलों की गहन जांच के लिए तीन सतर्कता जांचे भी दर्ज की गई हैं।

प्रवक्ता ने आगे कहा कि 35 मुलजिमों के खिलाफ 9 आपराधिक मामले भी दर्ज किए गए, जिनमें 11 सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न सक्षम अदालतों ने पिछले महीने के दौरान ब्यूरो द्वारा दायर किए गए और लड़े गए रिश्वतखोरी के चार मामलों का फैसला सुनाया, जिसमें चार व्यक्तियों को दोषी ठहराया गया और साढ़े तीन साल से चार साल तक की कैद तथा 10,000 रुपये से लेकर 50,000 रुपये तक के जुर्माने की सजा सुनाई गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित