चम्पावत , नवंबर 07 -- दीपावली के अवसर पर भारत-नेपाल सीमा पर उत्तराखंड की चम्पावत पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और नेपाल पुलिस ने शनिवार को मिलकर दीपावली महोत्सव मनाया।

आयोजन का उद्देश्य दोनों देशों के बीच मैत्री और भाईचारे को मजबूत करना और सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाना रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस कार्यक्रम के दौरान दोनों देशों के सुरक्षा बलों के अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और मिठाइयों का आदान-प्रदान किया।

इस दौरान सीमा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने, तस्करी व अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर आपसी समन्वय और सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।

चम्पावत पुलिस ने सीमा सुरक्षा, आपसी विश्वास और मैत्रीपूर्ण संबंधों को बनाए रखने के लिए सभी सुरक्षा एजेंसियों के साथ निरंतर तालमेल की प्रतिबद्धता दोहराई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित