मुंबई , अगस्त 21 -- सोनी सब का लोकप्रिय शो 'पुष्पा इम्पॉसिबल' जटिल रिश्तों और भावनात्मक पारिवारिक रिश्तों की कहानी को आगे बढ़ा रहा है। शो में पुष्पा का किरदार निभा रहीं करुणा पांडे अब चिराग और शनाया की शादी को टूटने से बचाने की कोशिश करती नजर आएंगी।
शो की मौजूदा कहानी में चिराग और शनाया तलाक के करीब पहुंच चुके हैं। पुष्पा यह समझने की कोशिश कर रही है कि आखिर शनाया के दर्द की असली वजह क्या है। वह मानती है कि किसी रिश्ते को बचाने से पहले उसके पीछे छिपे दर्द को समझना जरूरी है।
चिराग मनवा के जाने के सदमे से जूझ रहा है और धीरे-धीरे सभी से दूर होता जा रहा है। यहां तक कि वह नौकरी छोड़ने के बारे में भी सोच रहा है। दूसरी ओर, दिल टूटने के बावजूद शनाया अपनी शादी खत्म करने के फैसले पर कायम है। जब चिराग तलाक के कागजों पर हस्ताक्षर करने की तैयारी करता है, तब पुष्पा को पता चलता है कि शनाया ने घर बचाने के लिए बड़ा त्याग किया था। यह जानकर पुष्पा का नजरिया बदल जाता है और वह दोनों को एक और मौका देने का फैसला करती है।
हालांकि, चिराग तलाक के कागजों पर हस्ताक्षर कर देता है और दोनों को कोर्ट में प्रक्रिया पूरी करने के लिए बुलाया जाता है। ऐसे में पुष्पा को एहसास होता है कि मामला उसके अनुमान से कहीं ज्यादा गंभीर हो चुका है। चिराग और शनाया को फिर से साथ लाने की कोशिश में पुष्पा शनाया के दर्द की गहराई को समझने लगती है और उसकी मां को खोजने का फैसला करती है।
क्या चिराग और शनाया की शादी टूटने से पहले पुष्पा उसकी मां को खोज पाएगी, यह देखना दिलचस्प होगा।
आगामी ट्रैक के बारे में करुणा पांडे ने कहा, "पुष्पा देख सकती है कि चिराग और शनाया दोनों ही आहत हैं, लेकिन उनमें से कोई भी पीछे हटकर अपने मतभेद सुलझाने को तैयार नहीं है। उसे यह भी पता है कि शनाया के अतीत के बारे में बहुत कुछ ऐसा है, जिसे वे अभी तक नहीं जानते। पुष्पा के लिए अब यह सिर्फ तलाक रोकने की बात नहीं रह गई है। वह शनाया को बेहतर समझना चाहती है और जानना चाहती है कि उसे आज का इंसान किसने बनाया है। मेरा मानना है कि कभी-कभी रिश्ते को ठीक करने से पहले उसके पीछे का दर्द समझना जरूरी होता है।"'पुष्पा इम्पॉसिबल' का प्रसारण सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित