रांची , जून 04 -- झारखंड की राजधानी रांची के नगड़ी मौजा में प्रस्तावित रिम्स-2 परियोजना को लेकर एक बार फिर विवाद के बीच गुरुवार निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

प्रशासन की मौजूदगी में परियोजना के लिए चिन्हित भूमि पर जेसीबी मशीनों से आउटर कटिंग और बाउंड्री निर्माण का कार्य आरंभ किया गया। निर्माण कार्य शुरू होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। कांके अंचल अधिकारी अमित भगत, बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक तथा कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीणों के विरोध के बावजूद बाउंड्री निर्माण और आउटर कटिंग का कार्य जारी रहा।

ग्रामीणों का कहना है कि जिस जमीन पर रिम्स-2 का निर्माण प्रस्तावित है, वह उनकी उपजाऊ कृषि भूमि है। उनका दावा है कि खेती ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है और भूमि अधिग्रहण के बाद उनके सामने रोजगार और जीवनयापन का संकट उत्पन्न हो जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना परियोजना का कार्य आगे नहीं बढ़ाने की मांग की है।

वहीं प्रशासन का पक्ष है कि रिम्स-2 परियोजना राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना के पूरा होने से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

फिलहाल क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है, लेकिन ग्रामीणों का विरोध जारी है। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले दिनों में दोनों पक्षों के बीच होने वाली बातचीत पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित