रांची , जुलाई 20 -- झारखंड की राजधानी रांची स्थित राज्य के सबसे बड़े सरकारी सरकारी अस्पताल रिम्स में मंगलवार, 21 जुलाई को गवर्निंग बॉडी (जीबी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी।
बैठक को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और असिस्टेंट मेडिकल सुपरिंटेंडेंट अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।
बैठक में मरीजों की सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मंजूरी मिलने की संभावना है। अस्पताल प्रशासन को उम्मीद है कि इन फैसलों से रिम्स में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
जीबी बैठक के बाद रिम्स में अत्याधुनिक मैमोग्राफी मशीन का उद्घाटन भी किया जाएगा। इस मशीन के शुरू होने से महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा और यह सुविधा रिम्स में ही उपलब्ध होगी। इससे शुरुआती स्तर पर बीमारी की पहचान और समय पर उपचार में मदद मिलेगी।
इसके अलावा पूरे रिम्स परिसर में बीएसएनएल वाई-फाई सेवा शुरू करने की भी तैयारी की जा रही है। वाई-फाई सुविधा शुरू होने के बाद अस्पताल में लंबे समय से बनी नेटवर्क की समस्या से मरीजों, उनके परिजनों और चिकित्सकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
रिम्स प्रशासन का कहना है कि गवर्निंग बॉडी की बैठक में लिए जाने वाले निर्णय अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित