रांची , जून 24 -- झारखंड सीआईडी की टीम बुधवार को रिम्स पहुंची, जहां प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच शुरू की गई।
सीआईडी अधिकारी एडमिशन से संबंधित दस्तावेजों, रिकॉर्ड और डिजिटल फाइलों की गहन पड़ताल कर रहे हैं। पिछले वर्ष हुए एडमिशन से संबंधित फाइलें, रिकॉर्ड और डिजिटल दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण कागजात को खंगाला जा रहा है और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, पिछले शैक्षणिक सत्र में हुए कुछ दाखिलों को लेकर अनियमितता तथा नियमों की अनदेखी की शिकायतें मिली थीं। आरोप है कि प्रवेश प्रक्रिया में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य स्तर पर जांच का जिम्मा सीआईडी को सौंपा गया है।
सीआइडी सूत्रों के अनुसार रिम्स में पूर्व के सत्र में नामांकन से संबंधित गड़बड़ियों की शिकायतें मिलीं थीं। शिकायत यह भी थी कि नामांकन में नियमों की अनदेखी की गई है। जो अभ्यर्थी योग्य नहीं थे, उनका भी नामांकन कराया गया था।
इसके अलावा यह भी शिकायत मिली कि रिम्स में टेंडर में भी बड़ी अनियमितता है। इन्हीं शिकायतों पर पहुंची टीम ने सबसे पहले डीन कार्यालय का जायजा लिया। वहां पूर्व के नामांकन से जुड़े दस्तावेज को देखा। वहां नामांकन से संबंधित फाइलें, कंप्यूटर के डेटा आदि का जांच टीम सत्यापन कर रही है। जांच टीम के साथ उस क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भी हैं, जो टीम को जांच में मदद कर रहे हैं।
हालांकि, अब तक सीआईडी की ओर से मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच जारी है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित