आगरमालवा , अगस्त 14 -- हर घर तिरंगा अभियान के तहत आगरमालवा जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को रिमझिम बारिश के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों सहित हजारों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
नगर के छावनी झंडा चौक से प्रारंभ हुई तिरंगा यात्रा छावनी, रातड़िया तालाब, नाना बाजार, गोपाल मंदिर, सराफा बाजार, हाटपुरा, सती रोड और माधवगंज सहित प्रमुख मार्गों से होती हुई विजय स्तंभ द्वार पहुंची। यहां यात्रा के समापन अवसर पर विधायक मधु गहलोत, जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन किया। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों की मधुर धुनों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्तिमय हो गया। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा में विधायक माधवसिंह मधु गहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि भैरूसिंह चौहान, कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना, पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी, भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। यात्रा में शामिल लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति गौरव, सम्मान और एकता की भावना जागृत करना है। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने यात्रा को सफल बनाने में प्रशासन और आमजन के सहयोग की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित