सोनीपत , मार्च 13 -- हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रधान सलाहकार डी एस धेसी ने अधिकारियों को जिले में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) की मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री धेसी ने नगर निगम को धूल प्रदूषण कम करने के लिए सड़कों की नियमित सफाई और जल छिड़काव करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सड़कों से उड़ने वाली धूल वायु गुणवत्ता को गंभीर रूप से प्रभावित करती है, इसलिए बाजारों, प्रमुख सड़कों और अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में नियमित सफाई जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को जिले से गुजरने वाली नालियों की निगरानी रखने और उनमें गंदा पानी बहाने से रोकने के भी निर्देश दिये। बैठक में रिठाला- नरेला- कुंडली मेट्रो और रीजनल रैपिड ट्रांसत सिस्टम (आरआरटीएस) परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को काम में तेजी लाने को कहा, ताकि परियोजनाएं तय समय में शुरू हो सकें।
इसके अलावा उन्होंने सड़क निर्माण, सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। अधिकारियों को 'महारी सड़क' पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के भी निर्देश दिये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित