नयी दिल्ली , जून 18 -- केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य एवं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने हज-2027 की तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने के लिए गुरुवार को संबंधित मंत्रालयों, एजेंसियों, हज कमिटी ऑफ़ इंडिया और अन्य हितधारकों को निर्देश दिये।
श्री रिजिजू ने आज यहाँ हज-2026 के संचालन की समीक्षा की और हज-2027 की तैयारियों के लिए विस्तृत रोडमैप तय किया। उन्होंने हज-2026 के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष लगभग 1.75 लाख भारतीय हज यात्रियों ने सुरक्षित और सुचारु रूप से हज संपन्न किया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय केंद्र और राज्य सरकारों की एजेंसियों, हज कमेटी, भारतीय हज मिशन तथा सऊदी अरब के अधिकारियों के समन्वित प्रयासों को दिया।
उन्होंने कहा कि हज-2026 के दौरान सऊदी अरब के हज एवं उमरा मंत्रालय की ओर से भारतीय हज मिशन को पहली बार "बेस्ट हज कोऑर्डिनेशन एंड कम्युनिकेशन" श्रेणी में दो प्रतिष्ठित 'लब्बैतुम अवॉर्ड' प्रदान किये गये। यह सम्मान भारतीय यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, समन्वय और कल्याणकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए दिया गया। इससे वैश्विक स्तर पर तीर्थयात्री सेवाओं में भारत की उत्कृष्टता को मान्यता मिली है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष हज यात्रियों के लिए कई नयी सुविधाएं शुरू की गयी। मीना में सोफा-कम-बेड की व्यवस्था, मक्का से मदीना तक 62,500 यात्रियों के लिए हाई-स्पीड रेल सेवा, होटल शैली के आवास और 20-दिवसीय शॉर्ट हज पैकेज जैसी सुविधाओं ने यात्रा को अधिक आरामदायक बनाया।
केंद्रीय मंत्री ने सभी संबंधित पक्षों को हज-2027 की तैयारियां तत्काल शुरू करने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि नयी हज नीति-2027 जल्द घोषित की जायेगी तथा भारत और सऊदी अरब के बीच हज-2027 के लिए द्विपक्षीय समझौते पर सात नवंबर को हस्ताक्षर किए जायेंगे। उन्होंने दोहराया कि सरकार प्रत्येक भारतीय हज यात्री को सुरक्षित, पारदर्शी, सम्मानजनक और सुविधाजनक हज अनुभव उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित