हरिद्वार , मई 01 -- उत्तराखंड में राजाजी टाइगर रिजर्व के हरिद्वार क्षेत्र मे स्थित सुरेश्वरी देवी मंदिर परिसर में एक मंत्री पुत्र की शादी को लेकर उठे विवाद के बाद वन विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने लापरवाही के आरोप में दो फॉरेस्ट गार्ड को निलंबित कर दिया है, जबकि रेंज और सेक्शन स्तर के अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार रानीपुर गेट पर तैनात फॉरेस्ट गार्ड अमित सैनी और अभिषेक कंडारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। यह कार्रवाई जांच अधिकारी अजय लिंगवाल की संस्तुति पर राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक राजीव धीमान द्वारा की गई।
इसके अलावा हरिद्वार रेंज के रेंजर महेश सेमवाल से अतिरिक्त प्रभार वापस लेकर उनकी जगह आभा रतूड़ी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सुरेश्वरी देवी सेक्शन में तैनात वन दरोगा अमृता को भी पद से हटा दिया गया है।
बताया जा रहा है कि 26 अप्रैल को मंदिर परिसर में मंत्री खजान दास के बेटे की शादी की तैयारियां की जा रही थीं। आयोजन के लिए टेंट, कूलर, फर्नीचर और अन्य सामग्री ट्रकों के जरिए जंगल क्षेत्र तक पहुंचाई गई थी। इसके फोटो और वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
दरअसल, यह पूरा क्षेत्र संरक्षित रिजर्व फॉरेस्ट के अंतर्गत आता है, जहां राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण, न्यायालय और एनजीटी की गाइडलाइन के अनुसार किसी भी प्रकार के शोरगुल वाले आयोजनों पर सख्त प्रतिबंध है। विवाद बढ़ने के बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आयोजन से जुड़ा सामान हटवाया और विवाह सादगीपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया।
विवाद के बीच मंत्री खजान दास ने यह कहा था कि उन्हें वन विभाग के उच्च अधिकारियों से अनुमति मिलने की जानकारी थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि पहले नियम स्पष्ट किए जाते तो कार्यक्रम अन्य स्थान पर आयोजित किया जाता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित