मुंबई , सितंबर 25 -- बॉलीवुड अभिनेत्री रिचा चड्ढा के शो 'मुसाफिरी' का पहला एपिसोड आज रिलीज हो गया। शो के जरिए रिचा मुंबई के अनसुने किस्सों, ऐतिहासिक स्थलों और शहर से जुड़े रोचक पहलुओं से दर्शकों को रूबरू कराएंगी।

पहले एपिसोड में मुंबई के इतिहास और संस्कृति के साथ साउथ मुंबई के मशहूर इलाके काला घोड़ा और हॉलीवुड स्टार किम कार्दशियन के बीच के अनोखे कनेक्शन की कहानी है। रिचा मुंबई के जन्म और शहर से जुड़े देवी-देवताओं, खासकर मां महालक्ष्मी के बारे में भी जानकारी साझा करेंगी।

एपिसोड में मुंबई के सबसे पुराने आर्मेनियन चर्चों में से एक की झलक के साथ गेटवे ऑफ इंडिया के इतिहास और उसके निर्माण की वजह के बारे में भी बताया जाएगा। रिचा शहर की संकरी गलियों से गुजरने और लोकल टैक्सी में सफर करने के दौरान मुंबई को एक निजी और अलग नजरिए से एक्सप्लोर करती नजर आएंगी।

रिचा चड्ढा ने कहा, "मुंबई की ऐसी बहुत सी कहानियां हैं, जिनके बीच हम बड़े हुए हैं, लेकिन हमने कभी रुककर उन्हें जानने और समझने की कोशिश नहीं की। 'मुसाफिरी' के जरिए मैं शहर के ऐसे अनोखे और अनसुने पहलुओं को जानना और लोगों के साथ शेयर करना चाहती थी। उम्मीद है कि मुंबई में पूरी जिंदगी बिताने वाले लोग भी इस शहर को एक अलग नजरिए से देखेंगे और उन्हें लगेगा कि वे एक नई मुंबई की खोज कर रहे हैं।"होस्ट और प्रोड्यूसर के रूप में रिचा मशहूर जगहों से आगे बढ़कर मुंबई के उन हिस्सों और कहानियों को सामने लाएंगी, जिनके बारे में कम लोग जानते हैं।

'मुसाफिरी' का पहला एपिसोड आज शाम उनके यूट्यूब चैनल 'फुल स्टॉप' पर रिलीज हुआ।इसके बाद हर सप्ताह मुंबई की एक नई कहानी दर्शकों के सामने लाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित