रायपुर , अप्रैल 17 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को दुर्ग से जोड़ने वाले खारुन नदी स्थित पुराने पुल की मरम्मत का कार्य निर्धारित समय से काफी पहले पूरा कर लिया गया है। जहां इस कार्य के लिए 30 दिनों की समय सीमा तय की गई थी, वहीं संबंधित एजेंसियों ने इसे महज 16 दिनों में पूरा कर रिकॉर्ड कायम किया है।

मरम्मत कार्य के दौरान प्रतिदिन लगभग डेढ़ लाख वाहनों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए रायपुर और दुर्ग पुलिस ने विशेष यातायात प्रबंधन योजना लागू की। दोनों जिलों के 80 से अधिक यातायात पुलिस और अधिकारी सुबह-शाम पुल और उससे जुड़ी प्रमुख सड़कों पर तैनात रहे, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही।

दुर्ग के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल समय-समय पर मौके का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते रहे। वहीं रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने दोनों जिलों के बीच बेहतर समन्वय को इस सफल प्रबंधन का मुख्य कारण बताया और दुर्ग पुलिस की सराहना की।

गौरतलब है कि 31 मार्च की मध्यरात्रि से भारी वाहनों के लिए पुल पर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया था। एक अप्रैल से मरम्मत कार्य प्रारंभ हुआ, जिसके दौरान छोटे वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया गया। कुम्हारी की ओर स्थित दूसरे पुल और नीचे के लघु पुल का उपयोग यातायात के लिए किया गया। साथ ही टाटीबंध चौक, रायपुरा क्षेत्र और सिलतरा बायपास पर भी विशेष तैनाती की गई थी।

मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद गुरुवार शाम पुल पर सफल ट्रायल किया गया। अधिकारियों के अनुसार शुक्रवार सुबह से पुल पर सामान्य यातायात बहाल कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित