मुंबई , मई 28 -- रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने लगातार छठे साल कंपनी से कोई वेतन नहीं लिया है।
कंपनी की गुरुवार को जारी वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक वित्त वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक उन्होंने रिलायंस से न वेतन, भत्ता, कोई सुविधा, रिटायरमेंट लाभ, कमीशन या कोई स्टॉक ऑप्शन नहीं लिया है।
मुकेश अंबानी ने जून 2020 में कोविड महामारी के दौरान देश की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को देखते हुए अपना पूरा वेतन छोड़ने का फैसला किया था। कंपनी ने कहा कि उन्होंने यह फैसला पूरी तरह स्वेच्छा से लिया था और उसके अब तक जारी रखा है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने पिछले वित्त वर्ष में अपना अब तक का सबसे बड़ा सालाना मुनाफा दर्ज किया, इसके बावजूद श्री अंबानी ने वेतन न लेने का फैसला किया। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ 95,754 करोड़ रुपये रहा। वर्ष के अंत में रिलायंस का बाजार पूंजीकरण 18,19,103 करोड़ रुपये (लगभग 191.8 अरब डॉलर) रहा।
कोविड से पहले वित्त वर्ष 2008-09 से उन्होंने अपना कुल वार्षिक वेतन 15 करोड़ रुपये पर सीमित रखा था। कोविड से पहले 12 साल तक यह स्वैच्छिक सीमा जारी रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित