फतेहपुर , मई 17 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को रिंद नदी में स्नान करने गए छह दोस्त नदी में डूब गए जिसमें से दो को बचा लिया गया जबकि चार की डूबने से मौत हो गई।
हादसे की खबर पाकर जिलाधिकारी निधि बख्श और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मौके पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर घटनाक्रम का जायजा लिया और राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
यह हादसा ललौली थाना क्षेत्र के कुनुहा का डेरा स्थित रिंद नदी में नहाने के दौरान घटी। घटनास्थल से लौट के बाद श्री अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि रीद नदी मेंछह दोस्त गहरे पानी में डूब गए। इस घटना में चार युवकों की मौत हो गई। वहीं दो को सुरक्षित बचा लिया गया। सभी दोस्त नदी में नहा रहे थे, तभी वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया।
काफी प्रयासों के बाद निजाम और मोनू रैदास को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं हसीबुद्दीन (20), शाहिद (20), अंश प्रजापति (18) पुत्र गोरेलाल प्रजापति (18) और शान (20) की डूबने से मौत हो गई। सभी युवक ललौली थाना क्षेत्र के तपनी गांव के निवासी थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद रिंद नदी घाट पर कोहराम मचा हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित