वाराणसी , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और पर्यटन स्थल सारनाथ को आउटर रिंग रोड से सीधे जोड़ने की दिशा में फरीदपुर से सारनाथ के बीच निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड परियोजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इसी क्रम में गुरुवार को नगर निगम, जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश सेतु निगम की संयुक्त टीम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आने पाए। उन्होंने वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए परियोजना को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

सेतु निगम द्वारा निर्मित की जा रही यह एलिवेटेड रोड क्षेत्र की यातायात एवं पर्यटन कनेक्टिविटी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रस्तावित मार्ग वाटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी), सारनाथ रेलवे स्टेशन, वियतनाम मंदिर तथा कस्तूरबा गांधी विद्यालय के निकट से होकर गुजरेगा। इसके निर्माण से स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ सारनाथ आने वाले देशी एवं विदेशी पर्यटकों को भी जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता अमरेंद्र तिवारी, जिला प्रशासन तथा सेतु निगम के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित