नयी दिल्ली , जुलाई 19 -- रेल मंत्रालय ने भारतीय रेलवे खानपान और पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के निदेशक (पर्यटन और विपणन) राहुल हिमालयन को कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। वह संजय कुमार जैन के शीर्ष पद से इस्तीफे के बाद 20 जुलाई को कार्यभार संभालेंगे।

वर्ष 1999 बैच के भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के अधिकारी श्री हिमालयन के पास भारतीय रेलवे और आईआरसीटीसी में 26 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वह फरवरी 2024 से आईआरसीटीसी बोर्ड में पूर्णकालिक कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यरत हैं और वर्तमान में पर्यटन, सूचना प्रौद्योगिकी, मानव संसाधन विकास, बुनियादी ढांचा, प्रशासन एवं राजभाषा सहित प्रमुख विभागों की देखरेख कर रहे हैं।

श्री हिमालयन एनआईटी हमीरपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्वर्ण पदक विजेता हैं और उन्होंने आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है। उन्हें सर्वश्रेष्ठ हरफनमौला छात्र होने के लिए राष्ट्रपति के स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित