नयी दिल्ली , जून 18 -- भारतीय सेल्युलर ऑपरेटर संघ (सीओएआई) ने राहुल वत्स को अपना अध्यक्ष चुना है।

देश के डिजिटल संचार क्षेत्र के शीर्ष उद्योग संगठन सीओएआई की वार्षिक आम सभा में 2026-27 के लिए नये नेतृत्व की घोषणा की गयी। श्री वत्स भारती एयरटेल के ग्रुप चीफ रेगुलेटरी ऑफिसर तथा कॉर्पोरेट मामलों के निदेशक हैं। वह इससे पहले संगठन में उपाध्यक्ष के पद पर थे।

उनके पास दूरसंचार एवं प्रसारण लाइसेंसिंग, आर्थिक विनियमन, स्पेक्ट्रम प्रबंधन और नियामक मुकदमेबाजी के क्षेत्रों में 29 वर्षों का अनुभव है। वह जीएसएमए के स्पेक्ट्रम नीति कार्य समूह के अध्यक्ष भी हैं।

रिलायंस जियो इन्फोकॉम के मुख्य नियामक अधिकारी रवि पी. गांधी को उपाध्यक्ष चुना गया है। उनके पास लोक नीति, दूरसंचार विनियमन और नेटवर्क संचालन में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। वह पूर्व में भारती एयरटेल में मुख्य नियामक अधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं।

उससे पहले वह भारतीय दूरसंचार सेवा के अधिकारी के रूप में दूरसंचार विभाग में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से पीएच.डी. तथा एनआईटी कुरुक्षेत्र से बी.टेक. की उपाधि प्राप्त की है।

बैठक में दूरसंचार क्षेत्र में हुए प्रमुख विकासों की समीक्षा की गयी, उभरती प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श किया गया तथा देश के डिजिटल संचार पारितंत्र को सुदृढ़ बनाने के लिए भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित