बेंगलुरु , सितंबर 02 -- कर्नाटक कांग्रेस ने उत्तराखंड में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के मुद्दे को बुधवार को संविधान, जातिगत भेदभाव और दलितों के सम्मान से जोड़ते हुए एक बड़े राजनीतिक अभियान का रूप दे दिया।

यह विवाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के भाषण स्थल के 'शुद्धीकरण' के बाद शुरू हुआ था।

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस (केपीसीसी) ने यहां फ्रीडम पार्क में एक विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया। पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद ने भाजपा पर श्री गांधी की आवाज दबाने के लिए पुलिसिया कार्रवाई का सहारा लेने का आरोप लगाया, वहीं संवैधानिक मूल्यों पर हमले के खिलाफ उनका बचाव किया।

श्री सिद्दारमैया ने कहा कि श्री गांधी ने कोई अपराध नहीं किया है, उन्होंने केवल उस स्थान के शुद्धीकरण पर सवाल उठाया था, जहां श्री खरगे ने जनसभा संबोधित की थी।

श्री सिद्दारमैया ने कहा, "श्री गांधी ने कुछ भी गलत नहीं किया है। उन्होंने केवल उस जगह के शुद्धीकरण पर सवाल उठाया था, जहां श्री खरगे ने अपना भाषण दिया था। उनके खिलाफ मामला दर्ज करना घोर अन्याय है।"उन्होंने कहा कि शुद्धीकरण न केवल श्री खरगे का अपमान है, बल्कि यह अस्पृश्यता (छुआछूत) के संवैधानिक निषेध से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा, "जिस जगह पर श्री खरगे ने भाषण दिया, उसका शुद्धीकरण करना संविधान के खिलाफ है। हमारा संविधान छुआछूत की इजाजत नहीं देता।"श्री सिद्दारमैया ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की आलोचना करने के कारण भाजपा श्री गांधी की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, "शायद भाजपा ने यह तय कर लिया है कि श्री गांधी की आवाज को किसी न किसी तरह दबाया जाना चाहिए। इससे पहले भी उनके खिलाफ मामले दर्ज किये गये और उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गयी थी। जब उन्होंने अदालत का रुख किया, तो अंततः उन्हें राहत मिली।"पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पृश्यता के खिलाफ श्री गांधी का रुख और संवैधानिक मूल्यों की उनकी रक्षा ही इस वर्तमान राजनीतिक टकराव का मुख्य केंद्र बन गया है।

उन्होंने आरोप लगाया, "श्री गांधी संविधान के पक्ष में और छुआछूत के खिलाफ हैं। मनुवादी विचारधारा पर चलने वाली भाजपा संवैधानिक मूल्यों के विपरीत काम कर रही है।"श्री सिद्दारमैया ने राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया और कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के साथ खड़े रहेंगे और उनकी लड़ाई को मजबूती देंगे। श्री हरिप्रसाद ने कहा कि यह प्रदर्शन लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों पर हुए हमले के खिलाफ पूरे कर्नाटक में आयोजित किये जा रहे विरोध प्रदर्शनों का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि श्री खरगे के भाषण के बाद कार्यक्रम स्थल के शुद्धीकरण के विरोध में हर जिले में प्रदर्शन होना चाहिए था।

श्री हरिप्रसाद ने कहा, "श्री खरगे हमारी पार्टी के अध्यक्ष हैं और वरिष्ठ नेता हैं, जो नौ बार विधायक, दो बार सांसद और राज्यसभा में विपक्ष के नेता रह चुके हैं। जिस स्थान पर उन्होंने जनसभा को संबोधित किया, उसे पवित्र करना उनका और समानता के संवैधानिक सिद्धांत का अपमान है।"उन्होंने युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं से इस आंदोलन को सीधे भाजपा कार्यालयों तक ले जाने और भाजपा नेताओं को काले झंडे दिखाने का आग्रह किया।

श्री हरिप्रसाद ने कहा कि भेदभाव के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई उसकी राजनीतिक परंपरा में समाहित है और संविधान ने ऐतिहासिक रूप से वंचित समुदायों को शिक्षा, रोजगार, सार्वजनिक स्थानों तक पहुंच और गरिमा का अधिकार दिया हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित