रायबरेली , सितम्बर 09 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति 'दिशा' की बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में रायबरेली के सांसद एवं दिशा समिति के अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई और अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अमेठी के सांसद एवं दिशा समिति के सह-अध्यक्ष किशोरी लाल, प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय और उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह मौजूद रहे।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने दिशा समिति से संबंधित योजनाओं का बिंदुवार प्रस्तुतीकरण किया। बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, विभिन्न पेंशन योजनाओं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, मध्यान्ह भोजन, समेकित बाल विकास कार्यक्रम, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, समग्र शिक्षा अभियान, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, एक जिला एक उत्पाद, राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम, खेलो इंडिया, सुगम्य भारत अभियान सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की गई।
श्री गांधी ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत पात्र लोगों को आवास का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांग पेंशन योजनाओं की समीक्षा करते हुए लाभार्थियों को समय से पेंशन की किस्त उपलब्ध कराने को कहा।
उन्होंने जिले के जल निकायों की मरम्मत, नवीनीकरण एवं पुनरुद्धार के कार्यों को प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान प्रत्येक पात्र घर तक पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूरा कराने को कहा।
राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा करते हुए श्री गांधी ने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर सुधारात्मक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। वहीं जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत से संबंधित उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जनसुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और सुझाव भी रखे। राहुल गांधी ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने तथा जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
उन्होंने पूर्व में आयोजित दिशा समिति की बैठक के अनुपालन की भी समीक्षा की और की गई कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।
बैठक में जिला पंचायत प्रशासक रंजना चौधरी, अमेठी के एमएलसी गोविन्द नारायण शुक्ला, सलोन विधायक अशोक कुमार, बछरावां विधायक श्याम सुन्दर भारती, हरचन्दपुर विधायक राहुल राजपूत, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, डीएफओ प्रखर मिश्रा, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी मनोज कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विशाल कुमार यादव, परियोजना निदेशक मुनेश चन्द्र, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह सहित संबंधित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित