झुंझुनू , मई 23 -- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नीट परीक्षा में पेपर लीक होने के बाद परीक्षा रद्द होने से व्यथित होकर आत्महत्या करने वाले राजस्थान में झुंझुनू के 22 वर्ष के प्रदीप के परिजनों को फोन पर सांत्वना दी।

प्रदीप ने 15 मई को सीकर में स्थित अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

पीड़ित परिवार से मिलने शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ उसके घर पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक प्रदीप की मां, पिता और चाचा की श्री गांधी से फोन पर बात करवाई। पिता ने बात करते हुए बताया कि प्रदीप ने कहा था कि उसका चयन इस बार हो जाएगा। वहीं मां ने कहा कि तीन बहनों का इकलौता भाई था अब हम क्या करेंगे। परिजनों की बात सुनकर श्री गांधी ने कहा कि बड़े दुःख की बात है। उनको वापस तो नहीं ला सकते, लेकिन कुछ मदद हो सके तो बताइए।

प्रदीप मेघवाल (22) राजस्थान में झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र के कनिका की ढाणी बाड्या नाला गांव का रहने वाला था। वह पिछले करीब तीन वर्षों से सीकर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी कर रहा था। प्रदीप ने तीन मई को नीट परीक्षा दी थी। परीक्षा के बाद उसने परिवार को बताया था कि उसके 720 में से 650 नंबर आने की संभावना है। नीट पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा रद्द होने की खबर से वह गहरे सदमे में आ गया। इसके बाद 15 मई को सीकर स्थित अपने कमरे में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित